खंड शिक्षा अधिकारी से मिलने पहुंचे ग्रामीण, अधिकारी रहे नदारद एक शिक्षक के भरोसे 21 बच्चों का भविष्य, एक वर्ष से अवकाश पर हैं प्रधान पाठक….
यदि शीघ्र व्यवस्था नहीं की गई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे..

कांकेर। विकासखंड कांकेर के ग्राम अण्डी के प्राथमिक शाला पटेलपारा में शिक्षक की भारी कमी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। सोमवार को ग्रामीण शिक्षक की मांग को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले, जिससे उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
ग्रामीणों द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी को दिए गए आवेदन के अनुसार प्राथमिक शाला अण्डी पटेलपारा में कक्षा पहली से पांचवीं तक कुल 21 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। वर्तमान में पूरे विद्यालय का संचालन केवल एक शिक्षक के भरोसे हो रहा है, जबकि प्रधान पाठक एक वर्षो से अवकाश पर हैं। ऐसे में एक शिक्षक को सभी कक्षाओं का संचालन करना पड़ रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि शासन लगातार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की बात करता है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्कूलों में शिक्षकों की कमी से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने तत्काल अतिरिक्त शिक्षक की पदस्थापना की मांग करते हुए कहा कि यदि शीघ्र व्यवस्था नहीं की गई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों के हित को देखते हुए प्राथमिक शाला अण्डी पटेलपारा में तत्काल शिक्षक की व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यार्थियों की नियमित और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई सुनिश्चित हो सके।
Live Cricket Info


