लार गांव मरकाटोला में भालू का आतंक: हाई स्कूल व कन्या छात्रावास के पास 3 ग्रामीणों पर हमला, 2 की मौत, 1 गंभीर घायल….
स्कूल और कन्या छात्रावास के पास हुई घटना से ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग...

कांकेर। जिले के लार गांव मरकाटोला में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक जंगली भालू ने हाई स्कूल एवं कन्या छात्रावास के समीप तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक पुरुष एवं दो महिलाएं इसकी चपेट में आ गए। घटना में दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय कांकेर में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भालू ने अचानक एक पुरुष ग्रामीण पर हमला कर दिया। उसे बचाने के लिए पहुंचीं उनकी दोनों बहनों पर भी भालू ने हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें दो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना स्थल हाई स्कूल एवं कन्या छात्रावास के बेहद समीप होने के कारण विद्यार्थियों, छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं, अभिभावकों तथा ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि भालू आबादी वाले क्षेत्र में लगातार घूम रहा है तो बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जंगल तथा आसपास के सुनसान क्षेत्रों में अकेले नहीं जाने की अपील की है। वन विभाग द्वारा भालू की निगरानी की जा रही है तथा उसे आबादी वाले क्षेत्र से दूर खदेड़ने अथवा आवश्यक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि भालू को जल्द से जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए तथा स्कूल, कन्या छात्रावास और आसपास के क्षेत्रों में वन अमले की नियमित निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

