Telegram Join our Telegram Channel for Daily news Updates! Join Now ×

कांकेर बस्तर का प्रवेश द्वार, यहीं से शुरू होती है बस्तर की संस्कृति : कलेक्टर कुंदन कुमार

शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क-पेयजल और अधोसंरचना विकास पहली प्राथमिकता; मलेरिया व कुपोषण की रोकथाम पर रहेगा विशेष जोर...

उत्तर बस्तर कांकेर, 21 अगस्त 2026 नवपदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार ने शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में जिले के विकास की प्राथमिकताओं और आगामी कार्ययोजना को लेकर मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कांकेर बस्तर संभाग का प्रवेश द्वार है और यहीं से बस्तर की संस्कृति की शुरुआत होती है। जिले के विकास को गति देने के साथ यहां की सांस्कृतिक पहचान और प्राकृतिक विरासत को भी संरक्षित किया जाएगा।

कलेक्टर ने अपनी प्रशासनिक सेवा यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में आने के बाद उनकी पहली पदस्थापना सहायक कलेक्टर के रूप में राजनांदगांव में हुई। इसके बाद उन्होंने कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के रूप में सेवाएं दीं। वे कवर्धा में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं शुगर मिल के प्रबंध निदेशक, दुर्ग एवं कोरबा में जिला पंचायत सीईओ के पद पर भी रहे। इसके अलावा संचालक नगरीय प्रशासन, आयुक्त छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल तथा नया रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ के रूप में भी दायित्व संभाल चुके हैं। इससे पहले वे मुंगेली, सरगुजा और बलरामपुर जिले में कलेक्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

प्रेसवार्ता के दौरान कलेक्टर ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार सुबह कांकेर शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान वन्यप्राणी, विशेषकर भालू के विचरण वाले क्षेत्रों का जायजा लेने के साथ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने शहर की साफ-सफाई, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति की भी जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना विकास उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। आंगनबाड़ी भवन, आहाता निर्माण, जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत तथा आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिले में मलेरिया की रोकथाम के लिए मॉनिटरिंग व्यवस्था को मजबूत करने और कुपोषण की दर में कमी लाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

कलेक्टर ने कहा कि नल-जल योजना के माध्यम से अधिक से अधिक घरों तक पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं धान खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गिरदावरी कार्य को त्रुटिरहित एवं व्यवस्थित तरीके से संपादित कराया जाएगा। नियद नेल्लानार, बस्तर मुन्ने तथा बस्तर विकास प्राधिकरण जैसी योजनाओं के माध्यम से जिले के विकास को नई गति देने का प्रयास किया जाएगा।

प्रेसवार्ता के प्रारंभ में शहर के मीडिया प्रतिनिधियों ने नवपदस्थ कलेक्टर श्री कुंदन कुमार का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

सतीश यादव

मैं सतीश यादव, बस्तर–कांकेर (छत्तीसगढ़) से हूँ और Hak Ki Awaj News का चीफ एडिटर हूँ। मेरा प्रयास है कि आम लोगों की आवाज़ और सच्चाई को बेखौफ तरीके से सामने लाया जाए। ताज़ा अपडेट के लिए Telegram और WhatsApp पर हमारे साथ जुड़ें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button
Close

Ad Blocker Detected

We rely on advertising revenue to support our journalism and keep this website running. Please consider disabling your ad blocker to continue accessing our content.