उद्घाटन के बाद ही फुटबॉल मैदान पर ताला, खिलाड़ियों को लौटाया मायूस 11 अगस्त को डिप्टी सीएम के हाथों हुआ उद्घाटन, अब मैदान में ताला देख खिलाड़ियों में नाराजगी
डिप्टी सीएम के उद्घाटन के बाद भी मैदान में नहीं मिल रही खिलाड़ियों को एंट्री....

कांकेर। करोड़ों रुपये खर्च कर तैयार किए गए मिनी स्टेडियम फुटबॉल मैदान का 11 अगस्त 2026 को डिप्टी सीएम के आगमन पर उद्घाटन तो कर दिया गया, लेकिन उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद मैदान पर ताला लटकता नजर आ रहा है। अभ्यास और खेल के लिए पहुंचे खिलाड़ियों को मैदान के बाहर से ही मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
जिस मैदान को खिलाड़ियों के लिए सुविधा और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किया गया, उसके उपयोग पर ही ताला लगना व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उद्घाटन के बाद मैदान खिलाड़ियों के लिए खुला क्यों नहीं है? मैदान में ताला लगाने का आदेश किसने दिया और खिलाड़ियों को प्रवेश से क्यों रोका जा रहा है? इन सवालों का जवाब जिम्मेदार अधिकारियों को देना चाहिए।
खिलाड़ियों का कहना है कि मैदान बंद रहने से नियमित अभ्यास प्रभावित हो रहा है। यदि मैदान खिलाड़ियों के उपयोग में ही नहीं आना है, तो फिर उद्घाटन की जल्दबाजी और करोड़ों रुपये खर्च करने का औचित्य क्या है?
खिलाड़ियों ने मैदान को तत्काल नियमित रूप से खोलने और खेल गतिविधियों के लिए उपलब्ध कराने की मांग की है।


