अजगर की बेरहमी से हत्या करने वाले 3 युवक गिरफ्तार, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई…
"सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग सक्रिय, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत तीनों आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला।"

कांकेर, 19 जुलाई। कांकेर वन परिक्षेत्र अंतर्गत सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अजगर सांप की हत्या के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
जानकारी के अनुसार, नथिया नवा गांव स्थित एक फार्म हाउस में एक अजगर सांप घुस आया था। उसे सुरक्षित रेस्क्यू कराने या वन विभाग को सूचना देने के बजाय कुछ युवकों ने धारदार टंगिया से बेरहमीपूर्वक उसकी हत्या कर दी। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया गया, जिसके बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया।
वन विभाग ने बताया कि 18 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू की गई और 19 जुलाई 2026 को तीनों आरोपियों के विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2(20), 9, 39, 50, 51 एवं 52 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
श्लोक जायसवाल, पिता प्रदीप जायसवाल, उम्र 19 वर्ष, ठेलकाबोड़, कांकेर।
कुनाल टेकाम, पिता निपेंद टेकाम, उम्र 27 वर्ष, अलबेलापारा।
आकाश भोजवानी, पिता ईश्वर भोजवानी, उम्र 30 वर्ष, बागोडार।
-वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव के रिहायशी क्षेत्र में आने की स्थिति में उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके। वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाना कानूनन दंडनीय अपराध है।
Live Cricket Info


