नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, 3 घायल..
चारामा क्षेत्र के उड़कुड़ा गांव का नेताम परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने कांकेर ब्लॉक के चिवराज़ गांव आया हुआ था। ....


कांकेर। नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कांकेर कोतवाली क्षेत्र के नाथिया नवागांव के पास हुआ, जहां दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
जानकारी के अनुसार, चारामा क्षेत्र के उड़कुड़ा गांव का नेताम परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने कांकेर ब्लॉक के चिवराज़ गांव आया हुआ था। शादी समारोह से वापस लौटते समय उनकी कार की सामने से आ रही दूसरी कार से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में नेताम परिवार के 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 3 महिलाएं, एक मासूम बच्चा और 2 पुरुष शामिल हैं। वहीं, हादसे में घायल हुए 3 लोगों को तत्काल कांकेर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत से उड़कुड़ा गांव में शोक की लहर फैल गई है। देर रात जैसे ही हादसे की खबर फैली, बड़ी संख्या में लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Live Cricket Info




