दूध नदी में रिटेनिंग वॉल निर्माण स्थल पर मलबे का ढेर, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल…
नदी किनारे फैला मलबा दुर्घटना का कारण भी बन सकता है...

कांकेर छत्तीसगढ़/ शहर के किनारे बहने वाली दूध नदी में जल संसाधन विभाग द्वारा बनाए जा रहे रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य स्थल पर भारी मात्रा में मलबा और पत्थरों का ढेर जमा होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। निर्माण कार्य के दौरान निकाले गए पत्थर, मिट्टी एवं अन्य अवशेष खुले में नदी किनारे डंप कर दिए गए हैं, जिससे नदी क्षेत्र की स्वच्छता और पर्यावरण पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य स्थल की नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है। नदी किनारे फैला मलबा दुर्घटना का कारण भी बन सकता है। वहीं बरसात के मौसम में यही मलबा नदी में बहकर जल प्रवाह को प्रभावित कर सकता है।
जानकारी के अनुसार जल संसाधन विभाग द्वारा कांकेर शहर के किनारे दूध नदी पर काउंटरफोर्ट रिटेनिंग वॉल निर्माण, मरम्मत एवं विस्तार कार्य कराया जा रहा है। लेकिन कार्य स्थल पर सुरक्षा एवं साफ-सफाई के मानकों का पालन होते नहीं दिख रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माण स्थल पर पड़े मलबे को तत्काल हटाया जाए तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पर्यावरणीय नियमों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।


