नारायणपुर में किसानों को भुगतान नहीं मिलने पर आम आदमी पार्टी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन..
जिला सहकारी बैंक में अव्यवस्था, किसानों को नहीं मिल रही पर्याप्त राशि...


नारायणपुर /आम आदमी पार्टी ने सोमवार को नारायणपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जिला सहकारी बैंक द्वारा किसानों को पर्याप्त राशि का भुगतान नहीं किए जाने का मुद्दा उठाया।
ज्ञापन में बताया गया है कि धान बेचने के बाद भी किसानों को उनके खाते से पूरी राशि नहीं मिल पा रही है। किसान पिछले एक महीने से बैंक के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन आवश्यकता अनुसार रकम नहीं निकाल पा रहे हैं। पार्टी का आरोप है कि इससे किसानों को शादी-विवाह, खेती और अन्य जरूरी कामों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में जिला सहकारी बैंक की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि बैंक में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले किसानों को भारी दिक्कत होती है।
पार्टी ने कहा कि चुनाव से पहले किसानों को ग्राम पंचायत स्तर पर नकद भुगतान देने के वादे किए गए थे, लेकिन वर्तमान स्थिति में किसान अपनी ही मेहनत की कमाई के लिए भटक रहे हैं।
नरेंद्र नाग ने प्रशासन से मांग की है कि जिला सहकारी बैंक को निर्देशित कर किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाए तथा बैंक में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो किसानों की समस्या को लेकर आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Live Cricket Info



