कोतवाली थाना के सामने ऑटो की टक्कर से ट्रांसफार्मर में लगी आग, थाना प्रभारी की तत्परता से टला बड़ा हादसा
कोतवाली थाना प्रभारी जितेंद्र साहू तत्काल थाना परिसर से दौड़कर मौके पर पहुंचे..

कांकेर, 22 जून। शहर के कोतवाली थाना के सामने सोमवार दोपहर करीब 3 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार एक ऑटो ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर पास स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर से जा टकराई, जिससे ट्रांसफार्मर में तेज धमाके के साथ आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रांसफार्मर के समीप खड़ी बाइक उसकी चपेट में आ गई। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी जितेंद्र साहू तत्काल थाना परिसर से दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने साहस, सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए यातायात पुलिस के जवानों के साथ मिलकर आग की लपटों के बीच फंसी बाइकों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी त्वरित कार्रवाई से आग अन्य वाहनों तक नहीं फैल सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय नागरिकों ने थाना प्रभारी जितेंद्र साहू की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता और बहादुरी के कारण संभावित जनहानि एवं बड़े नुकसान से बचाव संभव हो सका। घटना में एक बाइक को नुकसान पहुंचा है, जबकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि तत्काल कार्रवाई नहीं की जाती तो आग आसपास के वाहनों और अन्य संपत्तियों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान होने की आशंका थी। थाना प्रभारी और पुलिस जवानों की सक्रियता की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।




