नारायणपुर में निर्माणाधीन नहर पर भ्रष्टाचार के आरोप, 5 दिन में कार्रवाई नहीं तो घेराव…
बरेहबेड़ा में नहर निर्माण विवाद गहराया, ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग..


नारायणपुर /बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले के बरेहबेड़ा क्षेत्र में निर्माणाधीन नहर कार्य में भारी अनियमितताओं और घटिया गुणवत्ता का मामला सामने आया है। किसानों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही नहर में मानक के अनुरूप निर्माण नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार नहर की मोटाई कई स्थानों पर तय मानक से काफी कम है तथा जगह-जगह दरारें पड़ चुकी हैं। निरीक्षण के दौरान सैकड़ों दरारें पाए जाने का दावा किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि नहर के बीच के हिस्से में मोटाई एक इंच से भी कम मिली है और निर्माण में घटिया एवं निम्नस्तरीय सामग्री का उपयोग किया गया है।
इस संबंध में किसानों और ग्रामीणों की ओर से कलेक्टर जनदर्शन में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरी नहर को तत्काल तोड़कर पुनः मानक के अनुरूप बनाया जाए तथा संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले अधिकारियों और इंजीनियरों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि यदि 5 दिनों के भीतर प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो 7 अप्रैल 2026 को किसान और ग्रामीण व आम आदमी पार्टी के बस्तर लोक सभा अध्यक्ष नरेंद्र नाग एवं पदाधिकारियों के साथ कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे।

नहर निर्माण कार्य की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच हो
दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्यावाही हो
निर्माण कार्य को मानक के अनुसार दोबारा कराया जाए
किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा सुनिश्चित की जाए।..
नरेन्द्र नाग
अध्यक्ष,बस्तर लोकसभा
आम आदमी पार्टी, छत्तीसगढ़
Live Cricket Info

