पत्रकारों का उग्र आंदोलन जारी, अंतागढ़ TI रमेश जयसवाल के खिलाफ दूसरे दिन भी धरना…
थाना प्रभारी को हटाने और उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग को लेकर क्षेत्रभर के पत्रकार अनिश्चितकालीन धरने पर डटे हुए हैं...

अंतागढ़ छत्तीसगढ़/अंतागढ़ थाना प्रभारी रमेश जयसवाल के कथित दुर्व्यवहार के विरोध में पत्रकारों का आंदोलन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। थाना प्रभारी को हटाने और उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग को लेकर क्षेत्रभर के पत्रकार अनिश्चितकालीन धरने पर डटे हुए हैं। आंदोलन में अंतागढ़ के साथ-साथ भानुप्रतापपुर, पखांजूर, कोयलीबेड़ा और आमाबेड़ा के पत्रकार भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
धरना स्थल पर पत्रकारों की एकजुटता देखने को मिली। बीती रात लगभग 12 बजे तक पत्रकार धरने पर डटे रहे और सभी ने धरना स्थल पर ही भोजन कर विरोध प्रदर्शन जारी रखा। पत्रकारों का कहना है कि जब तक दोषी अधिकारी पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
पत्रकारों की प्रमुख मांगें
अंतागढ़ थाना प्रभारी रमेश जयसवाल को तत्काल पद से हटाया जाए।
पत्रकारों के साथ किए गए कथित अभद्र व्यवहार की निष्पक्ष जांच हो।
दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी पर सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रेस की स्वतंत्रता और सम्मान सुनिश्चित किया जाए।
धरना दे रहे पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के साथ किसी भी प्रकार की बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आंदोलनकारी पत्रकारों का आरोप है कि थाना प्रभारी का रवैया लगातार तानाशाहीपूर्ण रहा है, जिससे पत्रकारों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बढ़ते विरोध और मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रमेश जयसवाल को लंबी छुट्टी पर भेजे जाने की चर्चा है। हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं आंदोलनकारी पत्रकारों का कहना है कि केवल छुट्टी पर भेजना पर्याप्त नहीं है, बल्कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ निलंबन सहित कड़ी विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए।
इधर कांकेर जिला प्रेस क्लब एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संघ के अध्यक्ष सहित सदस्यगण भी अंतागढ़ आंदोलन में शामिल हुए। उन्होंने पत्रकारों को समर्थन देते हुए कहा कि यह लड़ाई पत्रकार सम्मान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की लड़ाई है तथा अंतिम निर्णय तक सभी पत्रकार एकजुट होकर आंदोलन में साथ रहेंगे।
Live Cricket Info


