दुधावा दायी तट नहर लाइनिंग कार्य में भ्रष्टाचार के आरोप, किसानों ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल…
किसानों का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायत भी की है...

छत्तीसगढ /कांकेर -जिले के नरहरपुर विकासखंड अंतर्गत दुधावा दायी तट नहर लाइनिंग कार्य को लेकर किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किए जा रहे इस नहर लाइनिंग कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। किसानों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे भविष्य में नहर की उपयोगिता और स्थायित्व प्रभावित हो सकता है।
जानकारी के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य करीब 3000 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है। लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर क्षेत्र के किसानों ने चिंता व्यक्त की है। ग्राम भिरौद के किसानों का कहना है कि नहर लाइनिंग में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है तथा कई स्थानों पर कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं दिखाई देता।
किसानों का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायत भी की है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इससे किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो करोड़ों रुपये की यह परियोजना भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ सकती है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए तथा निर्माण में यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। किसानों ने यह भी कहा कि सिंचाई परियोजनाएं किसानों की जीवनरेखा होती हैं और इनमें गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अब देखना होगा कि किसानों की शिकायतों पर जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन क्या कदम उठाते हैं तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब कैसे दिया जाता है।
Live Cricket Info



